अंबिकापुर: छत्तीसगढ़ में कानून व्यवस्था को लेकर सियासत तेज हो गई है। प्रदेश में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर कांग्रेस सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री अमरजीत भगत ने मौजूदा भाजपा सरकार पर सवाल खड़े किए हैं।
बीते शुक्रवार रात अंबिकापुर शहर में एक बड़ी घटना घटी, जहां महिंद्रा थार और एक कार की टक्कर के बाद कार चालक ने ट्रांसपोर्टर पर प्राणघातक हमला कर दिया। इस घटना के बाद शहर का माहौल तनावपूर्ण हो गया है।
पूर्व मंत्री अमरजीत भगत ने इस मामले को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में लगातार गैंगवार और आपराधिक घटनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय अपराध पर त्वरित कार्रवाई होती थी, जिससे अपराधियों में भय बना रहता था। लेकिन मौजूदा भाजपा सरकार में पुलिस की निष्क्रियता के कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और आपराधिक घटनाओं में लगातार इजाफा हो रहा है।
अमरजीत भगत ने यह भी कहा कि कानून व्यवस्था पर राज्य सरकार को सख्त कदम उठाने की जरूरत है, ताकि प्रदेश की जनता खुद को सुरक्षित महसूस कर सके। अब देखना होगा कि पूर्व मंत्री के इस बयान पर पुलिस प्रशासन और सरकार क्या कदम उठाती है।

