रायपुर। अंबिकापुर में ट्रांसपोर्टर की पिटाई और रोड रेज की घटना को लेकर सरगुजा भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया के नेतृत्व में भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश के गृहमंत्री व उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा से उनके रायपुर निवास पर मुलाकात की।
प्रतिनिधिमंडल ने गृहमंत्री को इस भयानक घटना की विस्तृत जानकारी दी और फरार आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कठोर कार्रवाई करने की मांग की। भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने गृहमंत्री को अवगत कराया कि इस घटना से जिले की जनता में आक्रोश है और वे शीघ्र न्याय की अपेक्षा कर रहे हैं।

गृहमंत्री विजय शर्मा ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत सरगुजा रेंज के आईजी से फोन पर चर्चा कर घटना की जानकारी ली और आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। उन्होंने आश्वस्त किया कि भाजपा की विष्णु देव सरकार में कोई भी अपराधी बच नहीं सकेगा और दोषियों को सख्त सजा दी जाएगी।

इस दौरान भाजपा प्रतिनिधिमंडल में अंबिकापुर नगर निगम के सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी, भाजपा जिला उपाध्यक्ष विनोद हर्ष, जिला संवाद प्रमुख संतोष दास, सचिन अग्रवाल और मनीष बंसल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
लिहाजा जिले में कानून व्यवस्था चरमराई हुई है। आये दिन मारपीट, गैंगवार सहित अन्य आपराधिक मामले बढ़ते जा रहे हैं।

