अंबिकापुर। शहर के आकाशवाणी चौक स्थित URSULINE मिशनरी स्कूल में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब कक्षा 12वीं में पढ़ने वाली एक छात्रा छात्रावास की बिल्डिंग पर चढ़कर आत्महत्या करने की कोशिश करने लगी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, स्कूल प्रबंधन और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।
जानकारी के मुताबिक, छात्रा जशपुर जिले के कांसाबेल की रहने वाली है और उर्सुलाइन मिशनरी स्कूल के छात्रावास में रहकर 12वीं की पढ़ाई कर रही है। छात्रा को बिल्डिंग पर चढ़ा देखकर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। इसी दौरान एक युवक छात्रावास की बिल्डिंग के बाहर से चढ़कर छात्रा तक पहुंचा और उसकी जान बचाई।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस और स्कूल प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंची। जिला शिक्षा अधिकारी दिनेश झा भी घटनास्थल पर मौजूद रहे। फिलहाल छात्रा ने आत्महत्या करने की कोशिश क्यों की, इसके कारणों का पता नहीं चल सका है। मामले में आगे की जानकारी का इंतजार है।

