बलरामपुर। शिक्षक को कथित तौर पर धमकाकर रुपये मांगने और सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर बदनाम करने के मामले में पस्ता पुलिस ने यूट्यूबर दीपक यादव सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपियों ने 14 अक्टूबर 2026 को न्यायालय में आत्मसमर्पण किया था, जिसके बाद पुलिस ने न्यायालय से अनुमति लेकर उन्हें गिरफ्तार किया। इसके बाद तीनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, पस्ता थाना क्षेत्र के शासकीय प्राथमिक शाला पुटसु में पदस्थ सहायक शिक्षक एवं प्रभारी प्रधान पाठक रुकमण बारीक ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि यूट्यूबर दीपक यादव और उसके सहयोगियों ने अपने फाउंडेशन के लिए 10 हजार रुपये की मांग की थी।

शिकायत के मुताबिक, 25 अगस्त 2026 को दोपहर करीब एक बजे श्रवण यादव और सूर्या यादव विद्यालय पहुंचे और बिना अनुमति वीडियो बनाने लगे। इस दौरान शिक्षक के साथ अभद्र व्यवहार किया गया। साथ ही रुपये नहीं देने पर वीडियो को यूट्यूब और फेसबुक पर वायरल कर बदनाम करने तथा नौकरी से निलंबित करवाने की धमकी देने का आरोप लगाया गया। शिक्षक ने यह भी आरोप लगाया कि दीपक यादव ने अपने सहयोगियों की मदद से वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित किया, जिससे उनकी व्यक्तिगत और सामाजिक प्रतिष्ठा के साथ विद्यालय की छवि भी प्रभावित हुई।
शिकायत के आधार पर पस्ता थाने में अपराध क्रमांक 44/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 221, 351(2), 308(2), 356(3) और 3(5) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने शिक्षक और गवाहों के बयान दर्ज किए। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो और फोटो के स्क्रीनशॉट से संबंधित पेन ड्राइव जब्त की गई। शिक्षक की नियुक्ति और पदस्थापना से जुड़े दस्तावेज भी जुटाए गए।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी दीपक यादव ने अग्रिम जमानत के लिए बिलासपुर उच्च न्यायालय में आवेदन प्रस्तुत किया था, जिसे न्यायालय ने निरस्त कर दिया। इसके बाद तीनों आरोपियों ने 14 अक्टूबर को न्यायालय में आत्मसमर्पण किया। न्यायालय से गिरफ्तारी की अनुमति मिलने के बाद पुलिस ने तीनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल कराया।
गिरफ्तार आरोपियों में यूट्यूबर दीपक यादव (23), निवासी ग्राम टांगरमहरी, थाना बलरामपुर, श्रवण यादव (34), निवासी ग्राम पुटसु, थाना पस्ता और सूर्या यादव (20), निवासी बलरामपुर शामिल हैं।
बलरामपुर पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि किसी व्यक्ति की प्रतिष्ठा को प्रभावित करने वाली सामग्री प्रसारित करने से पहले तथ्यों की सत्यता सुनिश्चित करें। वहीं, किसी भी प्रकार की धमकी या अवैध मांग किए जाने पर तत्काल नजदीकी पुलिस थाने में सूचना दें।

