अंबिकापुर। सरगुजा पुलिस ने नगर सैनिक के साथ मारपीट कर रेत तस्करी में प्रयुक्त वाहन छुड़ाने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त वाहन भी जब्त कर लिया गया है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और पुलिस का दावा है कि उन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, खनिज शाखा रायपुर में पदस्थ नगर सैनिक तारकेश्वर वर्मा केंद्रीय उड़नदस्ता टीम के साथ 22 जून को जांच के लिए सरगुजा संभाग पहुंचे थे। जांच के दौरान अधिकारियों के निर्देश पर रेत से भरे एक वाहन को अभिरक्षा में लेकर कलेक्ट्रेट परिसर अंबिकापुर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान वाहन चालक सोनू टोप्पो ने वाहन मालिक लड्डन खान का नाम लेकर नगर सैनिक को धमकी दी।

बताया जा रहा है कि जैसे ही रेत से भरा वाहन गांधी चौक सिग्नल के पास पहुंचा, वाहन मालिक लड्डन खान भी मौके पर पहुंच गया। आरोप है कि वहां मौजूद लोगों ने मिलकर नगर सैनिक के साथ गाली-गलौज की, मारपीट की और उसकी वर्दी फाड़ने का प्रयास किया। इसी दौरान नगर सैनिक को पकड़ लिया गया और वाहन चालक खनिज से भरे वाहन को लेकर मौके से फरार हो गया।
पीड़ित की शिकायत पर गांधीनगर थाना में विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू की गई। घटना को गंभीरता से लेते हुए डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल के निर्देश पर थाना गांधीनगर और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू करते हुए घेराबंदी की और लगातार प्रयासों के बाद 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने अपना नाम सोनू टोप्पो (19 वर्ष) और धनसिंह टोप्पो (35 वर्ष), निवासी सिलफिली पहाड़गांव थाना जयनगर जिला सूरजपुर बताया। दोनों आरोपियों ने नगर सैनिक के साथ मारपीट कर रेत तस्करी में प्रयुक्त वाहन छुड़ाकर ले जाने की घटना स्वीकार कर ली। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त वाहन भी जब्त कर लिया है। वहीं मामले में शामिल अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश लगातार जारी है। सरगुजा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनिज परिवहन और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

