अंबिकापुर। सरगुजा जिले के मैनपाट क्षेत्र में एक बार फिर हाथियों की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया है। वन परिक्षेत्र मैनपाट के ग्राम कडराजा कॉलोनी नदाईढाण में सोमवार देर रात सात हाथियों का दल पहुंच गया। हाथियों ने गांव में घुसकर जमकर उत्पात मचाया और चार मकानों को क्षतिग्रस्त कर दिया, जिससे प्रभावित परिवारों को नुकसान उठाना पड़ा।

ग्रामीणों के अनुसार हाथियों का दल अचानक बस्ती में पहुंचा और कई घरों में तोड़फोड़ करते हुए खाद्यान्न और अन्य सामान को भी नुकसान पहुंचाया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
बताया जा रहा है कि उत्पात मचाने के बाद सातों हाथी पास के जंगल क्षेत्र में विचरण कर रहे हैं, जिसके चलते आसपास के गांवों में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। वन विभाग ने ग्रामीणों से जंगल की ओर नहीं जाने, हाथियों के करीब न जाने और रात के समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। विभाग द्वारा लगातार हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है ताकि किसी प्रकार की जनहानि न हो।
हाथियों की लगातार बढ़ती आवाजाही से मैनपाट क्षेत्र के ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है और लोग वन विभाग से स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं।

