सरगुजा: जिले के अंबिकापुर में यातायात पुलिस के एक सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) को धमकाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी ने खुद को अंबिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल का भतीजा बताकर यातायात पुलिस को चालान काटने से रोका और बस्तर ट्रांसफर कराने की धमकी दी। इस घटना के बाद लखनपुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है, हालांकि वह फरार बताया जा रहा है।
दअरसल यातायात विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एएसआई एच. कुजूर अपने स्टाफ के साथ अंबिकापुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे 130 पर वाहन चेकिंग अभियान चला रहे थे। इस दौरान एक बिना नंबर प्लेट वाली पिकअप वाहन को रोका गया। वाहन के दस्तावेजों की जांच में अनियमितता पाए जाने पर एएसआई कुजूर ने चालानी कार्रवाई शुरू की। इसी बीच, पिकअप चालक ने वाहन मालिक से फोन पर बात करवाई। फोन पर मालिक और एएसआई के बीच तीखी बहस हुई। इसके बाद पिकअप मालिक राकेश अग्रवाल मौके पर पहुंचा और एएसआई कुजूर को धमकाने लगा। उसने खुद को विधायक राजेश अग्रवाल का भतीजा बताते हुए कहा, “तुम्हें पता नहीं मैं कौन हूं? मेरे वाहन का चालान कैसे काट सकते हो? तुम्हारा ट्रांसफर बस्तर करवा दूंगा।” इतना ही नहीं, उसने गाली-गलौज भी की। एएसआई कुजूर ने इस घटना की शिकायत लखनपुर थाने में दर्ज कराई। पुलिस ने राकेश अग्रवाल के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने और धमकी देने सहित कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी मौके से फरार है और उसकी तलाश जारी है।
विधायक राजेश अग्रवाल की प्रतिक्रिया
घटना में अपना नाम सामने आने के बाद अंबिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल ने बयान जारी करते हुए कहा कि राकेश अग्रवाल उनका भतीजा नहीं है और न ही उनके परिवार से उसका कोई संबंध है। विधायक ने कहा, “यह व्यक्ति मेरे परिवार का सदस्य तक नहीं है। जिस पुलिस अधिकारी के साथ बदतमीजी की गई। उनकी शिकायत पर त्वरित कार्रवाई की जाए। उन्होंने पुलिस से इस मामले में सख्ती बरतने की मांग की है।
पुलिस की कार्रवाई
लखनपुर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने यातायात पुलिस के साथ राकेश अग्रवाल की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। यातायात विभाग ने भी इस घटना को गंभीर बताया है।

