अंबिकापुर। नगर निगम अंबिकापुर के मनोनीत पार्षदों (एल्डरमैन) का शपथ ग्रहण समारोह मंगलवार को स्थानीय कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव, सरगुजा कलेक्टर अजीत बसंत, महापौर मंजूषा भगत, भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया, भाजपा वरिष्ठ नेता अनिल सिंह मेजर, पूर्व सभापति ललन प्रताप सिंह, एमआईसी सदस्य, निगम पार्षद एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

सरगुजा कलेक्टर अजीत बसंत ने मनोनीत पार्षद करता राम गुप्ता, राज बहादुर शास्त्री, सावित्री जायसवाल, संतोष दास, रमेश जायसवाल, शरद सिन्हा तथा श्रीधर केशरी को एल्डरमैन पद की शपथ दिलाई। वहीं तेजिंदर बग्गा एवं किरण सोनी की अनुपस्थिति के कारण उन्हें शपथ नहीं दिलाई जा सकी।
मुख्य अतिथि अनुराग सिंह देव ने सभी नव-मनोनीत एल्डरमैन को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरें और नगर निगम क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी निष्ठा एवं दृढ़ता के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि जनसेवा ही जनप्रतिनिधियों की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।

महापौर मंजूषा भगत ने सभी एल्डरमैन का स्वागत करते हुए कहा कि उनके जुड़ने से नगर निगम की टीम और अधिक मजबूत हुई है। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी मिलकर शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में प्रभावी कार्य करेंगे।
भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने अपने संबोधन में कहा कि मनोनीत पार्षदों की नगर निगम में महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने सभी एल्डरमैन से जनता की आवाज बनकर उनकी समस्याओं के समाधान में सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया और शुभकामनाएं दीं।

