बलरामपुर। जिला बलरामपुर-रामानुजगंज के रक्षित केंद्र बलरामपुर में शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक वैभव बेंकर (भा.पु.से.) की उपस्थिति में साप्ताहिक जनरल परेड का आयोजन किया गया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ शासन के गृह (पुलिस) विभाग द्वारा आवंटित एक नई बस एवं 18 मोटरसाइकिलों का हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया गया। साथ ही सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस 2026 के उपलक्ष्य में एकता वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक विमलेश कुमार देवांगन द्वारा पुलिस अधीक्षक को सलामी देने के साथ हुई। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने परेड का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उत्कृष्ट टर्नआउट और बेहतर प्रदर्शन करने वाले चार अधिकारी-कर्मचारियों को उत्साहवर्धन के लिए पुरस्कृत किया गया।

जनरल परेड के उपरांत पुलिस अधीक्षक ने ओ.आर. लेकर अनुशासनहीनता से जुड़े चार प्रकरणों का निराकरण किया। इसके बाद पुलिस विभाग को प्राप्त एक बस और 18 मोटरसाइकिलों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, जिससे जिले की पुलिस व्यवस्था और गश्त व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने में सहायता मिलेगी।

कार्यक्रम के अगले चरण में सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस 2026 के अवसर पर एकता वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण तथा राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।

