सरगुजा। सीतापुर विधानसभा क्षेत्र के मैनपाट ब्लॉक अंतर्गत कदनई से लोटाभवना तक प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत करोड़ों रुपये की लागत से बनाई गई लगभग 2.5 किलोमीटर लंबी डामरीकरण सड़क निर्माण में अनियमितता सामने आने पर सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो सख्त नजर आए।
ग्रामीणों ने विधायक से शिकायत करते हुए बताया कि सड़क निर्माण कार्य गुणवत्ता हीन और निम्न स्तर का किया गया है। शिकायत मिलते ही विधायक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल निर्माण कार्य की जांच कराने के निर्देश दिए हैं, साथ ही घटिया निर्माण को तोड़ने के लिए भी कहा।
विधायक के निर्देश के बाद विभाग एक्शन मोड में आ गया और खराब गुणवत्ता वाली सड़क को उखाड़ने की कार्रवाई शुरू कर दी गई। इस मामले में विधायक रामकुमार टोप्पो ने कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कहीं भी घटिया निर्माण की शिकायत सामने आती है तो लोग इसकी तत्काल जानकारी दें, ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने कहा कि यह विष्णु देव साय का सुशासन है, गलत चीजों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता पूर्ण और निर्धारित मानकों के अनुरूप होने चाहिए। यदि कार्य मानक के अनुरूप नहीं होगा तो उसे तोड़कर दोबारा बनवाया जाएगा।

