सरगुजा।जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा ने नाबालिग आदिवासी बच्चियों के साथ सामूहिक दुष्कर्म मामले में गलत मेडिकल रिपोर्ट देने वाले डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर आज जिला चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) कार्यालय का घेराव किया।

24 अप्रैल को सीतापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत दो नाबालिग आदिवासी बच्चियों के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना हुई थी। आरोप है कि प्रारंभिक स्तर पर सीतापुर थाना द्वारा मामले को दबाने का प्रयास किया गया और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की चिकित्सक ने रिपोर्ट में घटना से इनकार किया। जबकि बाद में मेडिकल कॉलेज अस्पताल में हुए परीक्षण में दुष्कर्म की पुष्टि हुई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए कांग्रेस ने पांच सदस्यीय जांच दल गठित किया था। जांच के दौरान पीड़ित बच्चियों और उनके परिजनों से बातचीत में घटना की पुष्टि होने का दावा कांग्रेस नेताओं ने किया। कांग्रेस का आरोप है कि प्रशासन पीड़ितों को न्याय दिलाने के बजाय आरोपियों को संरक्षण देने में लगा हुआ है।
आदित्येश्वर शरण सिंहदेव ने भी पत्र लिखकर दोषी डॉक्टर और पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की थी। लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया कि मामले की जांच अब भी उसी पुलिस अधिकारी द्वारा की जा रही है। जिसने शुरुआत में मामले को दबाने का प्रयास किया था।
प्रदर्शन के दौरान पूर्व मंत्री अमरजीत भगत ने कहा कि जिस प्रकार थाना और चिकित्सक ने मामले को दबाने की कोशिश की, उससे स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। उन्होंने कहा कि दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं होने पर कांग्रेस बड़ा आंदोलन करेगी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMHO) पी एस मार्को ने कहा कि मामले की जांच कलेक्टर स्तर पर की जाएगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करने की बात कही गई हैं।

