सरगुजा। सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो की मुश्किलें लगातार बढ़ती नजर आ रही हैं। नायब तहसीलदार तुषार मानिकपुरी के साथ कथित मारपीट मामले ने अब बड़ा प्रशासनिक और राजनीतिक रूप ले लिया है। राजस्व निरीक्षक संघ जिला सरगुजा ने कलेक्टर को पत्र सौंपकर इस घटना की कड़ी निंदा की है और साफ चेतावनी दी है कि यदि दोषियों पर उचित कार्रवाई नहीं हुई तो पूरा संघ सामूहिक हड़ताल पर जाएगा।
2165288586672724236.jpg)
राजस्व निरीक्षक संघ द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि 27 मई 2026 को तहसील कार्यालय मैनपाट में पदस्थ नायब तहसीलदार तुषार मानिकपुरी अपने शासकीय कार्य का निर्वहन कर रहे थे, तभी विधायक रामकुमार टोप्पो और उनके समर्थकों ने अभद्र व्यवहार करते हुए मारपीट की। संघ ने इसे केवल एक अधिकारी पर हमला नहीं बल्कि पूरे प्रशासनिक तंत्र और कानून व्यवस्था पर हमला बताया है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या अब सरकारी अधिकारी भी अपने दफ्तरों में सुरक्षित नहीं हैं? अगर एक नायब तहसीलदार के साथ खुलेआम मारपीट होती है और आरोपी सत्ता पक्ष से जुड़ा जनप्रतिनिधि हो, तो आम जनता आखिर किससे न्याय की उम्मीद करेगी?
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए न्यायसंगत कार्रवाई बेहद जरूरी है। संघ ने मुख्यमंत्री, राजस्व मंत्री, संभागायुक्त और कर्मचारी संगठनों तक इस मामले की प्रतिलिपि भेजकर साफ संकेत दे दिया है कि मामला अब केवल एक एफआईआर तक सीमित नहीं रहने वाला।
अब देखने वाली बात होगी कि सरकार और प्रशासन इस मामले में कितनी सख्ती दिखाते हैं, क्योंकि यह विवाद धीरे-धीरे राजनीतिक तूफान का रूप लेता जा रहा है।

