अंबिकापुर। सरगुजा जिले के सीतापुर विधानसभा की राजनीति में उस वक्त बड़ा विवाद खड़ा हो गया जब सीतापुर से भाजपा विधायक रामकुमार टोप्पो और उनके समर्थकों के खिलाफ मारपीट व शासकीय कार्य में बाधा डालने के आरोप में अपराध दर्ज किया गया। इस मामले ने प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, उप तहसील राजापुर में पदस्थ नायब तहसीलदार तुषार मानिकपुरी की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने ज़ीरो में अपराध कायम किया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि राजापुर चौराहा पर विधायक रामकुमार टोप्पो और उनके समर्थकों ने सार्वजनिक रूप से नायब तहसीलदार के साथ न केवल अभद्रता की बल्कि मारपीट भी की।

पुलिस ने इस मामले में विधायक रामकुमार टोप्पो, यूसुफ, नाजिम राजा, पंकज गुप्ता सहित कुल 10 लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 221, 221(1), 132 और 191(2) के तहत अपराध दर्ज किया है। इन धाराओं में शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाना, सरकारी कर्मचारी के साथ दुर्व्यवहार और मारपीट जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं।
बताया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत विधायक की चचेरी बहन सीमा धनकी और नायब तहसीलदार तुषार मानिकपुरी के बीच हुए तीखे विवाद से हुई। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि मौके पर तनावपूर्ण स्थिति निर्मित हो गई और मारपीट की घटना सामने आई।
घटना के बाद प्रशासनिक अमले में नाराजगी देखी जा रही है,अब सबकी नजर पुलिस जांच और आगे की कार्रवाई पर टिकी हुई है।
इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच बढ़ते टकराव को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

