सरगुजा। जिले के बतौली थाना क्षेत्र अंतर्गत तेज रफ्तार वाहनों से दुर्घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रहा है। राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर शनिवार रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में भाजपा बूथ अध्यक्ष की मौत हो गई। अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवार को टक्कर मारने के बाद करीब 20 मीटर तक घसीट दिया और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

दुर्घटना कैसे हो गई
जानकारी के मुताबिक बतौली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पोकसरी भालुबार निवासी शिवमंगल दास (50 वर्ष) भाजपा के बूथ अध्यक्ष थे। शनिवार रात वे अपने निजी कार्य से बतौली आए हुए थे। देर रात लगभग 9:30 बजे वे अपनी बाइक CG 15 F 1869 से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान शांतिपारा मुख्य मार्ग के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के बताया कि वाहन की रफ्तार काफी तेज थी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार शिवमंगल दास को वाहन कुछ दूरी तक घसीटता हुआ ले गया। हादसे में उन्हें गंभीर अंदरूनी चोटें आईं, पैर टूट गया और बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सड़क पर खून फैला हुआ था, जबकि दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

दुर्घटना के बाद
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल शिवमंगल दास को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बतौली पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने उपचार शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के चलते उनकी मौत हो गई।
पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति हैं
शिवमंगल दास लंबे समय से भाजपा संगठन से जुड़े हुए थे और अपने सरल स्वभाव के कारण क्षेत्र में उनकी अच्छी पहचान थी। उनके निधन की खबर मिलते ही परिजनों, ग्रामीणों और भाजपा कार्यकर्ताओं में शोक की लहर हैं।
पुलिस जांच में
बतौली पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही स्थानीय लोगों से पूछताछ कर वाहन की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

