सरगुजा जिले के बतौली विकासखंड के सेदम समिति में खाद की किल्लत से परेशान किसानों का गुस्सा सोमवार को फूट पड़ा। खाद नहीं मिलने से आक्रोशित किसानों ने नेशनल हाईवे 43 को सैकड़ों की संख्या में जाम कर दिया। जाम के चलते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
जानकारी के मुताबिक, सुबह से ही किसान सेदम समिति पहुंचकर खाद के लिए लाइन में लगे थे। घंटों इंतजार के बाद जब समिति में खाद की कमी का हवाला देकर किसानों को वापस लौटाया जाने लगा, तो उनका धैर्य जवाब दे गया। नाराज़ किसानों ने राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
सूचना मिलते ही बतौली पुलिस मौके पर पहुंची और किसानों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन हालात तब काबू में आए जब तहसीलदार मौके पर पहुंचे। प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद किसानों ने जाम हटाया और सड़क खाली करवाई।
मानसून की शुरुआत के साथ ही खेतों में काम जोरों पर है, लेकिन खाद और बीज की कमी ने किसानों की परेशानी बढ़ा दी है। सरकार भले ही पर्याप्त खाद होने का दावा कर रही हो, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। किसानों ने मांग की है कि खाद की आपूर्ति जल्द से जल्द सुनिश्चित की जाए, नहीं तो आंदोलन और उग्र रूप ले सकता है।

