अंबिकापुर के चर्चित नाबालिक दुष्कर्म मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। 15 वर्षीय आदिवासी नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में फरार चल रहे आरोपी तरुण जायसवाल को पुलिस ने बिहार से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की लंबे समय से तलाश की जा रही थी।
आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर बुधवार को सर्व आदिवासी समाज ने अंबिकापुर स्थित पुलिस अधीक्षक (SP) कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया था। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग करते हुए पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपा था। उस दौरान पुलिस अधीक्षक ने प्रदर्शनकारियों को जल्द कार्रवाई का भरोसा दिलाया था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी तरुण जायसवाल पर 15 वर्षीय आदिवासी नाबालिग को घरेलू काम कराने के दौरान उसके साथ दुष्कर्म करने का आरोप है। घटना सामने आने के बाद आरोपी फरार हो गया था, जिसके बाद पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी।
लगातार चल रहे पुलिस अभियान के तहत आखिरकार आरोपी को बिहार से गिरफ्तार कर लिया गया। अब उसे न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि इस मामले को लेकर क्षेत्र में लगातार विरोध प्रदर्शन हो रहे थे। वहीं, आरोपी पर स्थानीय स्तर पर भाजपा और कांग्रेस के कुछ नेताओं से नजदीकी होने के आरोप भी लगाए जा रहे थे। हालांकि, इस संबंध में किसी प्रकार की आधिकारिक पुष्टि या जांच का निष्कर्ष अब तक सार्वजनिक नहीं किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में कानून के अनुसार निष्पक्ष कार्रवाई की जा रही है।

