लखनपुर। सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-130 पर बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जजगा स्थित रजवाड़े ढाबा के समीप इनोवा क्रिस्टा कार और एक यात्री बस की आमने-सामने भिड़ंत में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात अन्य लोग घायल हो गए।
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

घटना की जानकारी मिलते ही लखनपुर भाजपा मंडल अध्यक्ष भी मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था कराई, जिससे उन्हें समय पर उपचार मिल सका।
पुलिस ने मृतका के शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है।
फिलहाल लखनपुर पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार टक्कर काफी तेज थी, जिससे दोनों वाहनों को भी गंभीर क्षति पहुंची।

