अंबिकापुर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शहर के पीजी कॉलेज मैदान में रविवार को भव्य आयोजन होने जा रहा है। इस बीच आयोजन स्थल पर लगाए जा रहे विशाल डोम को लेकर पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने बड़ा बयान देते हुए कई सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी सरकारी आयोजन में पारदर्शिता और निर्धारित प्रक्रिया का पालन होना चाहिए तथा बाजार दर और टेंडर दर का मिलान कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट की जानी चाहिए।
मीडिया से चर्चा के दौरान टीएस सिंहदेव ने कहा कि मुख्यमंत्री कार्यालय से जुड़े आयोजन के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी होने से पहले ही काम शुरू हो जाना संदेह पैदा करता है। उन्होंने इसे स्वस्थ प्रशासनिक परंपरा के विपरीत बताते हुए कहा कि यदि कार्य आदेश और निविदा प्रक्रिया के पहले ही निर्माण या अन्य व्यवस्थाएं शुरू हो जाती हैं, तो इससे कई तरह के सवाल खड़े होते हैं।
पूर्व डिप्टी सीएम ने कहा कि सरकारी कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने मांग की कि डोम निर्माण और उससे जुड़े खर्चों की जानकारी सार्वजनिक होनी चाहिए तथा बाजार मूल्य और टेंडर की स्वीकृत दरों का तुलनात्मक परीक्षण किया जाना चाहिए, ताकि किसी प्रकार की शंका की स्थिति न बने।
योग दिवस के भव्य आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं, वहीं सिंहदेव के बयान के बाद आयोजन में लगाए जा रहे डोम और उससे संबंधित प्रक्रियाओं को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।

