सूरजपुर। जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत शिवपुर में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब चार युवक एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे और उनकी बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई।
जानकारी के अनुसार, संबंधित ट्रक ने पहले एक कार को टक्कर मारी थी, जिसके बाद चालक वाहन को सड़क पर ही खड़ा छोड़कर फरार हो गया था। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर ट्रक से जा भिड़ी, जिससे मौके पर ही तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि चौथा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। हादसे से नाराज ग्रामीणों ने खड़े ट्रक में आग लगा दी। फिलहाल क्षेत्र में हालात सामान्य हैं और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। फरार ट्रक चालक की तलाश भी शुरू कर दी गई है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और मृतकों की पहचान व अन्य कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।

