बलरामपुर-रामानुजगंज। देर रात सड़क पर हुई एक टक्कर ने ऐसे राज से पर्दा उठा दिया, जिसने पुलिस को तत्काल कार्रवाई के लिए मजबूर कर दिया। राजपुर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने एक कार को टक्कर मार दी। हादसे के बाद जब वाहन की जांच की गई तो उसके भीतर 8 बैलों को कथित तौर पर बेहद क्रूरतापूर्वक ठूंस-ठूंसकर ले जाया जा रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, 8 जुलाई 2026 की रात करीब 3 बजे ग्राम कमारी से लौट रहे एक व्यक्ति की कार को ग्राम परसापानी के पास पिकअप वाहन (क्रमांक JH-01-FL-8856) ने तेज और लापरवाही से चलाते हुए टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन की तलाशी लेने पर उसमें 8 बैल भरे मिले, जिन्हें कथित रूप से अवैध तरीके से झारखंड ले जाया जा रहा था।
मामले में थाना राजपुर में अपराध क्रमांक 176/2026 दर्ज कर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, साक्ष्य जुटाए और पिकअप वाहन सहित सभी 8 बैलों को जब्त कर लिया। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन चालक और उसके सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपियों ने बैलों को झारखंड ले जाने के उद्देश्य से परिवहन करने की बात स्वीकार की।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुलतान अंसारी (25 वर्ष) निवासी कोटाम, थाना गुमला, जिला गुमला (झारखंड) तथा नेयाज (नैयाज) बख्श (21 वर्ष) निवासी होरी, थाना गुमला, जिला गुमला (झारखंड) के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281, 125, 3(5), पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 की धारा 11(घ), छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 6 एवं 10 तथा मोटरयान अधिनियम की धारा 112/183 के तहत कार्रवाई की है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड के लिए जेएमएफसी न्यायालय, राजपुर भेजा गया।

