रायगढ़। एक जन्मदिन की पार्टी में हुई मुलाकात, फिर बढ़ती नजदीकियां, जीवनभर साथ निभाने और शादी के वादे… सब कुछ किसी प्रेम कहानी की तरह शुरू हुआ। लेकिन कुछ ही महीनों बाद यही रिश्ता ऐसे मोड़ पर पहुंचा, जहां युवती को पुलिस की चौखट पर न्याय की गुहार लगानी पड़ी। शिकायत सामने आते ही रायगढ़ पुलिस हरकत में आई और महज 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, 20 वर्षीय युवती ने पूंजीपथरा थाने में दर्ज शिकायत में बताया कि अक्टूबर 2025 में सहेली के जन्मदिन के दौरान उसकी पहचान शेखर बघेल से हुई थी। परिचय के बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और आरोपी ने लगातार प्रेम का इजहार करते हुए शादी करने तथा जीवनभर साथ निभाने का भरोसा दिया।
शिकायत के मुताबिक, 22 दिसंबर 2025 को आरोपी युवती को मिलने के बहाने अपने गेरवानी स्थित घर ले गया, जहां पत्नी बनाकर रखने का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद भी आरोपी उसे पत्नी की तरह अपने साथ रखकर लगातार शारीरिक संबंध बनाता रहा। जब युवती ने शादी की बात की तो आरोपी टालमटोल करने लगा। आरोप है कि समय बीतने के साथ विवाद बढ़ा और 3 जुलाई 2026 को मारपीट तथा गाली-गलौज कर उसे घर से निकाल दिया गया।
अपने माता-पिता के पास लौटने के बाद युवती ने पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी। शिकायत मिलते ही थाना पूंजीपथरा में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने पीड़िता का चिकित्सीय परीक्षण कराया और आरोपी की तलाश शुरू कर दी।
रायगढ़ पुलिस ने बताया कि “अभियान संवेदना” के तहत त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी शेखर बघेल (20 वर्ष) को उसके निवास से हिरासत में लिया गया। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। अदालत ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

