सरगुजा: जिला पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए आज जिला पंचायत कार्यालय में मतदान प्रक्रिया संपन्न हुई। चुनाव को लेकर सुबह से ही भाजपा और कांग्रेस के समर्थक एवं वरिष्ठ नेता कार्यालय में जुटे रहे।
नीरूपा सिंह बनीं जिला पंचायत अध्यक्ष
मतदान के बाद भाजपा की नीरूपा सिंह ने कांग्रेस के शिव भरोस सिंह को हराकर जीत दर्ज की। नीरूपा सिंह को 9 मत, जबकि शिव भरोस सिंह को 5 मत मिले। इस जीत के साथ नीरूपा सिंह सरगुजा की नई जिला पंचायत अध्यक्ष बनीं।
देवनारायण यादव बने जिला पंचायत उपाध्यक्ष
उपाध्यक्ष पद के लिए भाजपा के देवनारायण यादव को 11 मत, जबकि कांग्रेस की अनिमा केरकेट्टा को 3 मत मिले। इस तरह भाजपा ने उपाध्यक्ष पद पर भी जीत दर्ज की।
भाजपा नेताओं की प्रतिक्रिया
भाजपा जिला अध्यक्ष ने जीत पर खुशी जताते हुए कहा कि अब गाड़ी में चार टायर लग गए हैं और भाजपा संतुलित रूप से आगे बढ़ेगी। जनता ने भाजपा पर जो भरोसा जताया है, उसके लिए हम आभार व्यक्त करते हैं।
लुंड्रा विधायक प्रबोध मिंज ने कहा कि ट्रिपल इंजन सरकार में भाजपा अब पंचायत से लेकर पार्लियामेंट तक मजबूती से खड़ी है। उन्होंने इस जीत को महिला दिवस से जोड़ते हुए कहा कि जनजातीय महिला अध्यक्ष बनना समाज के लिए गर्व की बात है। इस जीत के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा गया और उन्होंने इसे पार्टी की रणनीतिक जीत बताया।

