सरगुजा, छत्तीसगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा के निर्देशन में थाना मणीपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए झपटमारी के एक आरोपी को चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से 24 हजार रुपये नकद तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसायकल बरामद की गई है। जब्त कुल मशरुका की कीमत लगभग 75 हजार रुपये आंकी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी कइला राम, निवासी लक्ष्मीपुर (हुंड्रालता), थाना मणीपुर, दिनांक 16 जनवरी 2026 को जिला सहकारी बैंक से 30 हजार रुपये नकद निकालकर साइकिल से अपने घर लौट रहे थे। उन्होंने रकम को अगोछा में बांधकर साइकिल की आगे लगी टोकरी में रखा था। शाम करीब 4:30 बजे तेंदूपारा हुंड्रालता के पास एक हेलमेट पहने मोटरसायकल सवार युवक ने उन्हें रोककर मोनू के घर का पता पूछने और शादी-विवाह की बातों में उलझाया।
इसी दौरान आरोपी ने अचानक साइकिल की टोकरी में रखे 30 हजार रुपये नकद और पासबुक झपट ली और शहर की ओर फरार हो गया। पीड़ित द्वारा शोर मचाने पर उसका पड़ोसी आरोपी का पीछा करते हुए मोटरसायकल का नंबर नोट कर पाया। वाहन का नंबर CG 13 AF 8278 बताया गया, जो हरे रंग की एचएफ डीलक्स मोटरसायकल थी।
पीड़ित की रिपोर्ट पर थाना मणीपुर में अपराध क्रमांक 14/26 धारा 304(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस टीम ने तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण कर गवाहों के बयान दर्ज किए और तकनीकी व स्थानीय जानकारी के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की।
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज होने के कुछ ही घंटों में आरोपी विकास गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने पूछताछ में अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि मकान निर्माण और अन्य कार्यों के कारण उस पर कर्ज हो गया था, जिसे चुकाने के लिए उसने झपटमारी की घटना को अंजाम दिया। आरोपी के कब्जे से 24 हजार रुपये नकद तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसायकल जब्त की गई है, जबकि शेष रकम खर्च हो जाने की बात उसने स्वीकार की।
आरोपी के विरुद्ध पर्याप्त सबूत पाए जाने पर उसे गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि संपत्ति संबंधी अपराधों पर लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

