सरगुजा, छत्तीसगढ़। लखनपुर थाना क्षेत्र में समूहों के नाम पर संचालित ईंट भट्ठों में अवैध कोयले के खुलेआम उपयोग का मामला सामने आ रहा है, लेकिन हैरानी की बात यह है कि प्रशासन अब तक इससे बेखबर नजर आ रहा है। ग्राम पंचायत गुमगराकला, गुमगरा खुर्द, कटकोना, परसोडीकला, बिनकरा, पूहपुटरा सहित आसपास के इलाकों में बाइकर गैंग के जरिए अमेरा खदान और रेहर खदान से अवैध रूप से कोयले का परिवहन कर ईंट भट्ठों में बड़े पैमाने पर खपाया जा रहा है। जानकारी होने के बावजूद ठोस कार्रवाई न होने से तस्करों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं।

गुमगरा कला में एक समूह द्वारा संचालित ईंट भट्ठे में भी अवैध कोयले का भारी मात्रा में उपयोग किए जाने की सूचना है। बताया जा रहा है कि स्व-सहायता समूह के नाम पर संचालित इस भट्ठे में बोरी में भरा कोयला रखा गया है, जिसे अवैध रूप से खरीदकर ईंट निर्माण में इस्तेमाल किया जा रहा है।
वहीं गुमगरा खुर्द में भी कई ईंट भट्ठों का संचालन अवैध तरीके से किया जा रहा है। यहां न सिर्फ भट्ठों में, बल्कि कई घरों में भी बड़ी मात्रा में अवैध कोयले का भंडारण किया गया है। जानकारी के अनुसार बरतीपारा में शिवनंदन नामक व्यक्ति द्वारा ईंट भट्ठा चलाया जा रहा है, जबकि विशाल नामक व्यक्ति के घर में भारी मात्रा में कोयला जमा है। इसी तरह गांव के अन्य हिस्सों में भी अवैध कोयले का भंडारण होने की बात सामने आ रही है।
यह भी पढ़ें : गांधी चौक के पास चलती कार से टकराई बुलेट,बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई बुलेट और कार
ग्रामीणों का कहना है कि यदि प्रशासन सख्ती से जांच और कार्रवाई करे, तो क्षेत्र में करोड़ों रुपये के अवैध कोयला कारोबार और भंडारण का खुलासा हो सकता है। फिलहाल कार्रवाई के अभाव में यह अवैध धंधा लगातार फल-फूल रहा है।

