अंबिकापुर। सीतापुर में ज्वेलर्स की दुकान के पास से करीब एक करोड़ रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण से भरा बैग उठाने के मामले में पुलिस ने दूसरे आरोपी को ओडिशा के जाजपुर जिले से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शंकर प्रधान उर्फ बिन्नू, उम्र 30 वर्ष, निवासी पुरबो कोट, थाना कोरई, जिला जाजपुर, ओडिशा के रूप में हुई है।
मामला 26 जुलाई 2026 का है। कांशी विश्वनाथ ज्वेलर्स के संचालक अरुणदेव सोनी अपनी स्कूटी में ज्वेलरी का बैग लेकर दुकान पहुंचे थे। दुकान के पास स्कूटी खड़ी कर शटर खोलने के दौरान अज्ञात व्यक्ति स्कूटी के सामने रखा ज्वेलरी से भरा बैग लेकर फरार हो गया था। बैग में करीब एक करोड़ रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बताए गए थे।
मामले की रिपोर्ट पर थाना सीतापुर में अपराध क्रमांक 296/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देशन में साइबर सेल और थाना सीतापुर की संयुक्त टीम आरोपियों की तलाश में जुटी थी।
जांच के दौरान पुलिस ने पहले आरोपी दास नागेश्वर को गिरफ्तार किया था। उसके कब्जे से करीब 300.92 ग्राम सोने के आभूषण, कीमत करीब 43 लाख रुपये, और 1 किलो 168 ग्राम चांदी के आभूषण, कीमत करीब 3 लाख रुपये बरामद किए गए थे। पुलिस के अनुसार अब तक करीब 46 लाख रुपये के जेवर बरामद किए जा चुके हैं।
अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। इसी दौरान आरोपी शंकर प्रधान उर्फ बिन्नू को जाजपुर, ओडिशा से पकड़ा गया। पूछताछ में पुलिस के अनुसार आरोपी ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर संगठित तरीके से उठाईगिरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया है।
आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मामले में धारा 111(2) और 3(5) बीएनएस जोड़ी गई है। पुलिस के मुताबिक घटना में शामिल अन्य आरोपी अभी फरार हैं और उनकी तलाश में लगातार कार्रवाई की जा रही है।

