सूरजपुर। एसईसीएल में नौकरी लगाने के नाम पर 3 लाख 55 हजार रुपये की ठगी करने के मामले में चौकी खड़गवां पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर फर्जी एसईसीएल अधिकारी बनकर नौकरी का झांसा देने और फर्जी नियुक्ति पत्र देकर धोखाधड़ी करने का आरोप है।
मामला ग्राम खड़गवां माझापारा निवासी ललित राम की शिकायत से जुड़ा है। प्रार्थी ने चौकी खड़गवां में रिपोर्ट दर्ज कराई कि निलेश पाल और उसके दो अन्य साथियों ने खुद को एसईसीएल अधिकारी बताकर एसईसीएल में नौकरी लगाने का झांसा दिया। आरोपियों ने इसके एवज में उससे 3 लाख 55 हजार रुपये लिए और बाद में फर्जी नियुक्ति पत्र थमा दिया।

प्रार्थी की शिकायत पर चौकी खड़गवां में अपराध क्रमांक 281/2026 के तहत धारा 318(4), 338 और 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक सूरजपुर योगेश कुमार पटेल ने आरोपियों की पतासाजी कर जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद चौकी खड़गवां पुलिस ने मुखबिर की सूचना और तकनीकी संसाधनों की मदद से आरोपी निलेश पाल को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान निलेश पाल पिता स्व. पिन्टू पाल, उम्र 38 वर्ष, निवासी सरभोका, चौकी घाट के नीचे नागपुर, थाना पोड़ी, जिला एमसीबी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने अपने दोनों साथियों के साथ मिलकर फोन-पे और नगद रकम के माध्यम से ठगी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया है।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, घटना में शामिल उसके दोनों अन्य साथियों की भूमिका और उनकी तलाश को लेकर जांच जारी है।

