अम्बिकापुर। सरगुजा जिले की एक साधारण-सी शिक्षिका ने अपनी मेहनत, ज्ञान और आत्मविश्वास के दम पर ऐसा मुकाम हासिल किया है, जिसने पूरे जिले और प्रदेश को गौरवान्वित कर दिया है। सरगुजा की विभा चौबे देश के प्रतिष्ठित क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ की हॉट सीट तक पहुँचने वाली जिले की पहली महिला बन गई हैं। खास बात यह है कि वे छत्तीसगढ़ की पहली महिला शिक्षिका होंगी, जो KBC के मंच पर महानायक अमिताभ बच्चन के सामने हॉट सीट पर बैठकर खेलती नजर आएंगी।
KBC द्वारा जारी किए गए पहले प्रोमो में विभा चौबे 31 दिसंबर और 1 जनवरी को हॉट सीट पर नजर आ रही हैं। प्रोमो सामने आते ही सरगुजा जिले के साथ-साथ पूरे शिक्षा जगत में खुशी और गर्व की लहर दौड़ गई है। वर्षों से बच्चों को ज्ञान का पाठ पढ़ाने वाली यह शिक्षिका अब खुद ज्ञान के सबसे बड़े मंच पर अपनी पहचान बना रही हैं।
वर्तमान में विभा चौबे दरिमा गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल में शिक्षिका के पद पर कार्यरत हैं। वे लंबे समय से छात्राओं को न केवल पढ़ा रही हैं, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनाने का भी कार्य कर रही हैं। पढ़ाने के साथ-साथ निरंतर अध्ययन और ज्ञान अर्जन की उनकी लगन ही उन्हें KBC जैसे राष्ट्रीय मंच तक ले जाने में सफल रही।
उनकी इस सफलता के पीछे परिवार का मजबूत सहयोग भी रहा है। उनके पति प्रमेंद्र चौबे, जो मैनपाट मिडिल स्कूल में प्राचार्य के पद पर कार्यरत हैं, ने हर कदम पर उनका हौसला बढ़ाया। शिक्षा से जुड़े इस दंपति की कहानी आज प्रदेश भर के शिक्षकों और विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बन चुकी है।
विभा चौबे की इस उपलब्धि से छत्तीसगढ़ का शिक्षा जगत खुद को गौरवान्वित महसूस कर रहा है। उन्होंने यह साबित कर दिया है कि निरंतर मेहनत, मजबूत आत्मविश्वास और ज्ञान के सहारे किसी भी सपने को साकार किया जा सकता है। खासकर ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं, छात्राओं और शिक्षकों के लिए उनकी यह सफलता नई राह और नया हौसला लेकर आई है।
आज विभा चौबे की पहचान केवल एक शिक्षिका तक सीमित नहीं रही, बल्कि वे छत्तीसगढ़ की उस बेटी के रूप में जानी जा रही हैं, जिसने बच्चों को ज्ञान देते-देते खुद इतिहास रच दिया। उनकी यह उपलब्धि सरगुजा जिले के लिए गर्व, शिक्षा जगत के लिए सम्मान और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बन गई है।

