अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू की अध्यक्षता में मंगलवार को अंबिकापुर में सरगुजा संभाग स्तरीय जनसुनवाई आयोजित की गई। यह सरगुजा संभाग की पहली और प्रदेश स्तर की 9वीं जनसुनवाई रही। संभाग प्रभारी श्रीमती लक्ष्मी शुक्ला की मौजूदगी में आयोजित इस जनसुनवाई में संभाग के सभी छह जिलों से जुड़े कुल 25 प्रकरणों की सुनवाई की गई। इनमें से 6 प्रकरणों को नस्तीबद्ध किया गया।
जनसुनवाई का मुख्य उद्देश्य महिलाओं से संबंधित मामलों की त्वरित सुनवाई कर उन्हें राहत और न्याय दिलाना रहा। सुनवाई के दौरान मानसिक प्रताड़ना से जुड़े एक मामले में संबंधित कलेक्टर को जांच कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। वहीं कार्यस्थल पर प्रताड़ना से संबंधित एक अन्य प्रकरण में सचिव, स्कूल शिक्षा विभाग को जांच के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा घरेलू हिंसा और मानसिक प्रताड़ना से जुड़े मामलों में संबंधित संरक्षण अधिकारियों को जांच कर आयोग के समक्ष प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। आयोग ने प्रकरणों की गंभीरता को देखते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
जनसुनवाई में सरगुजा, सूरजपुर, जशपुर, कोरिया, बलरामपुर तथा मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले से जुड़े मामलों की सुनवाई हुई। इस दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारी जे.आर. प्रधान, नोडल अधिकारी एवं उप निरीक्षक विजय गुप्ता, विधिक सहायता टीम के सदस्य तथा विभिन्न जिलों के संरक्षण अधिकारी और सखी वन स्टॉप सेंटर की केन्द्र प्रशासिकाएं मौजूद रहीं।

