सरगुजा, छत्तीसगढ़। सरगुजा जिले के दरिमा थाना क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहाँ शादी का झांसा देकर युवती के साथ 5 वर्षों तक दैहिक शोषण करने वाले आरोपी के खिलाफ पुलिस ने अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार 29 अप्रैल 2026 को पीड़िता की ओर से सरगुजा जिले के दरिमा थाना में शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत में बताया गया कि गांव के रहने वाले युवक रामकरण सिंह ने करीब पाँच वर्षों तक शादी का वादा कर युवती का शारीरिक और मानसिक शोषण किया। इस दौरान आरोपी लगातार विवाह का भरोसा देता रहा, लेकिन 28 अप्रैल 2026 को बातचीत के दौरान उसने साफ तौर पर शादी से इंकार कर दिया और किसी अन्य से विवाह करने की बात कही।
मामले को लेकर जब युवती दारिमा थाने पहुंची तब शिकायत के आधार पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया और जांच शुरू की। पुलिस जांच के दौरान 30 अप्रैल 2026 को पुलिस टीम ने आरोपी रामकरण सिंह (30 वर्ष), निवासी जमगवां, थाना दरिमा को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी से जब मामले को लेकर पूछताछ की गई तो आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। मेडिकल परीक्षण के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
मामले को लेकर पुलिस ने कहा है कि मामले की आगे की जांच जारी है और पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए हर संभव कार्रवाई की जा रही है।

