बलरामपुर जिले के राजपुर थाना परिसर से एक दुखद और रहस्यमय घटना सामने आई है। थाना परिसर में बने आवासीय कमरे में रहने वाले एक पुलिस आरक्षक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की जानकारी उस समय सामने आई जब आरक्षक सुबह निर्धारित समय पर ड्यूटी के लिए नहीं पहुंचे। काफी देर तक कोई जवाब नहीं मिलने पर साथी पुलिसकर्मियों ने उनके कमरे में जाकर देखा, जहां वे मृत अवस्था में मिले। इसके बाद तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई।

घटना की खबर मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर आरक्षक के परिजन भी राजपुर थाना पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
मृतक आरक्षक की पहचान जुगन साय पैकरा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि कुछ माह पहले वे पीलिया से पीड़ित थे और उपचार के बाद पूरी तरह स्वस्थ होकर दोबारा अपनी ड्यूटी पर लौटे थे। ऐसे में उनकी अचानक हुई मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

