अंबिकापुर : गांधीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत नमना कला निवासी तेज प्रताप यादव के कब्जे से 30 लीटर महुआ शराब बरामद कर संभागीय उड़नदस्ता सरगुजा टीम ने उसे जेल भेज दिया।
आबकारी उड़नदस्ता को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बरगाहपारा, नमना निवासी तेज प्रताप यादव अपने घर में भारी मात्रा में महुआ शराब रखकर बेच रहा है। सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने तत्काल अपनी टीम के साथ उसके घर पर दबिश दी। तेज प्रताप घर पर नहीं था। उसकी दूसरी पत्नी ने बताया कि वह अपनी पहली पत्नी के साथ तेज मेडिकल अस्पताल गया है।
इधर टीम ने अस्पताल से तेज प्रताप को हिरासत में लेकर उसके घर की तलाशी ली। जहां घर के किचन से 30 लीटर महुआ शराब बरामद हुई। छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क), 34(2) और 59(क) के तहत उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में मुख्य आरक्षक कुमारु राम, रमेश दुबे, अशोक सोनी, नगर सैनिक गणेश पांडे, रणविजय सिंह, ओमप्रकाश गुप्ता, महिला सैनिक राजकुमारी और अंजू भी रही।

