अम्बिकापुर से नई दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन स्टेशन के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। अब तक सप्ताह में एक दिन संचालित होने वाली अम्बिकापुर-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस का संचालन सप्ताह में दो दिन किया जाएगा। रेलवे द्वारा यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए इस ट्रेन की आवृत्ति बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।
पूर्व में ट्रेन संख्या 22407 अम्बिकापुर-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस केवल गुरुवार को अम्बिकापुर से रवाना होती थी, लेकिन अब यह ट्रेन मंगलवार को भी संचालित की जाएगी। वहीं, वापसी में ट्रेन संख्या 22408 हजरत निजामुद्दीन-अम्बिकापुर एक्सप्रेस, जो पहले केवल मंगलवार को चलती थी, अब रविवार को भी अम्बिकापुर के लिए रवाना होगी।
ट्रेन के सप्ताह में दो दिन संचालित होने से सरगुजा संभाग सहित उत्तर छत्तीसगढ़ के हजारों यात्रियों को दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों तक आवागमन में अधिक सुविधा मिलेगी। रेलवे के इस फैसले से विशेष रूप से नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों और इलाज के लिए दिल्ली जाने वाले यात्रियों को फायदा होने की उम्मीद है। यात्रियों ने भी ट्रेन की आवृत्ति बढ़ाए जाने के निर्णय का स्वागत किया है।

