मैनपाट/अम्बिकापुर।
मैनपाट विकासखंड के ग्राम पंचायत ऊरगा से शुक्रवार रात एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। रात करीब 8 बजे शॉर्ट सर्किट की वजह से एक घर में अचानक आग लग गई, जिससे पूरे परिवार की गृहस्थी जलकर खाक हो गई।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित धनी दास के घर में अचानक आग भड़क उठी। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही मिनटों में पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। परिवार ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई, लेकिन घर में रखा राशन, कपड़े, बर्तन, फर्नीचर और अन्य जरूरी सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया।
स्थानीय लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन संसाधनों की कमी के चलते वे कुछ खास मदद नहीं कर पाए। गांव में न तो दमकल की सुविधा है और न ही आग बुझाने के पर्याप्त साधन, जिससे आग पर काबू पाना मुश्किल हो गया।
गांव के लोगों ने प्रशासन से धनी दास परिवार को राहत और मुआवजे की मांग की है। फिलहाल परिवार खुले आसमान के नीचे मजबूरी में दिन काट रहा है। इस हादसे ने फिर से ग्रामीण इलाकों में आपात सेवाओं की कमी की ओर ध्यान खींचा है।

