अंबिकापुर/रायपुर: छत्तीसगढ़ शासन के लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, मंत्रालय महानदी भवन नवा रायपुर द्वारा प्रशासनिक आधार पर प्रदेश भर के 25 चिकित्सा अधिकारियों और विशेषज्ञों का थोक तबादला किया गया है। इस आदेश के तहत सरगुजा जिले और संभाग के स्वास्थ्य महकमे में व्यापक स्तर पर फेरबदल देखने को मिला है।

आदेश के अनुसार, विश्रामपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ चिकित्सा अधिकारी डॉ. जगसाय सिंह सरुता को सरगुजा जिले का नया प्रभारी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) नियुक्त किया गया है। वहीं
अब तक सरगुजा सीएमएचओ के पद पर कार्यरत रहे डॉ. प्रेम सिंह मार्को को स्थानांतरित करते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनहत (कोरिया) की जिम्मेदारी दी गई है। इसके साथ ही संभाग स्तर पर बड़ा बदलाव करते हुए सूरजपुर के प्रभारी सीएमएचओ डॉ. कपिल देव पैंकरा को संभागीय संयुक्त संचालक स्वास्थ्य सेवाएं, संभाग सरगुजा बनाया गया है, जबकि इस पद पर पहले से पदस्थ रहे डॉ. अनिल कुमार शुक्ला को खैरागढ़-छुईखदान-गंडई का प्रभारी सीएमएचओ बनाकर भेजा गया है।

संभाग के अन्य जिलों में भी नए अधिकारियों की ताजपोशी हुई है। कोरिया के प्रभारी सीएमएचओ डॉ. प्रशांत सिंह को सूरजपुर का नया प्रभारी सीएमएचओ बनाया गया है, जबकि कोरिया जिले की कमान बैकुंठपुर जिला अस्पताल के चिकित्सा अधिकारी डॉ. बलवंत सिंह को सौंपी गई है। बलरामपुर जिला अस्पताल के प्रभारी सिविल सर्जन डॉ. शशांक गुप्ता को राजपुर सीएचसी भेजा गया है और राजपुर के चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामप्रसाद तिर्की को बलरामपुर का नया प्रभारी सिविल सर्जन सह अस्पताल अधीक्षक बनाया गया है।

मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB) में भी सिविल सर्जन और मानसिक चिकित्सालय के प्रभारियों में बदलाव किया गया है। शासन द्वारा जारी इस 25 डॉक्टरों की सूची में महासमुंद, सुकमा, बेमेतरा, धमतरी और मुंगेली जैसे अन्य जिलों के सीएमएचओ और सिविल सर्जनों का भी स्थानांतरण कर उन्हें नवीन पदस्थापना स्थल पर तत्काल प्रभाव से पदस्थ किया गया है।


