सूरजपुर, छत्तीसगढ़। सरकार की योजनाओं, नीतियों और प्रशासनिक गतिविधियों को आम जनता तक सही और स्पष्ट शब्दों में पहुंचाने की जिम्मेदारी जिस जनसंपर्क विभाग पर होती है, वही विभाग सूरजपुर जिले में बड़ी लापरवाही का उदाहरण बन गया है। विकास कार्यों के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम के लिए जारी किए गए डिजिटल निमंत्रण पत्र में ऐसी गंभीर त्रुटियां सामने आई हैं, जिनसे विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं और उसकी किरकिरी होना लाजमी माना जा रहा है।

जारी निमंत्रण पत्र में प्रेमनगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक भूलन सिंह मराबी को गलत तरीके से भटगांव विधानसभा क्षेत्र का विधायक दर्शा दिया गया। इतना ही नहीं, संवैधानिक पद पर आसीन विधायक के लिए “माननीय” शब्द की जगह “माननीया” शब्द का प्रयोग कर दिया गया। शब्दों की इस चूक ने न केवल तथ्यात्मक गलती को उजागर किया, बल्कि यह भी दिखा दिया कि जनसंपर्क विभाग द्वारा जारी सामग्री को साझा करने से पहले ठीक से पढ़ा तक नहीं गया।
जानकारी के अनुसार जिला जनसंपर्क अधिकारी प्रदीप कंवर द्वारा यह डिजिटल निमंत्रण पत्र शाम 6 बजकर 14 मिनट पर व्हाट्सएप ग्रुप में पोस्ट किया गया था। जब गलती सामने आई तो करीब 7 बजकर 15 मिनट पर पोस्ट को डिलीट कर सुधार के साथ दोबारा निमंत्रण पत्र साझा किया गया। हालांकि तब तक यह मामला सोशल मीडिया और प्रशासनिक हलकों में चर्चा का विषय बन चुका था। बिना जांच-पड़ताल के आधिकारिक पोस्ट साझा किए जाने को लेकर जनसंपर्क विभाग की जमकर आलोचना हो रही है।

संभव है निमंत्रण पत्र तैयार करते समय टाइपिंग की त्रुटि हुई हो, लेकिन बिना एक बार भी सामग्री को पढ़े सीधे ग्रुप में पोस्ट करना स्पष्ट रूप से लापरवाही की श्रेणी में आता है। जनसंपर्क विभाग का काम शब्दों के जरिए सरकार की छवि बनाना होता है, लेकिन जब शब्दों में ही चूक हो जाए और अर्थ का अनर्थ हो जाए, तो विभाग की विश्वसनीयता पर असर पड़ना तय है।
निमंत्रण पत्र के अनुसार 17 जनवरी 2026 को ग्राम पंचायत चुनगड़ी, विकासखंड भैयाथान, जिला सूरजपुर में विकास कार्यों के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय होंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण विभाग की मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े करेंगी।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री एवं जिला प्रभारी मंत्री सूरजपुर दयाल दास बघेल, छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम के अध्यक्ष रामसेवक पैकरा और सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज की उपस्थिति प्रस्तावित है। इसके अलावा प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मराबी, प्रतापपुर विधायक शकुंतला पोर्ते, जिला पंचायत सूरजपुर की अध्यक्ष चंद्रमणि पैकरा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और पंचायत प्रतिनिधि कार्यक्रम में शामिल होंगे।
विधायक से जुड़ी बुनियादी जानकारी में इस तरह की बड़ी गलती सामने आने के बाद जनसंपर्क विभाग की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। अब देखना यह होगा कि इस लापरवाही को महज टाइपिंग एरर मानकर नजरअंदाज किया जाता है या जिम्मेदार अधिकारियों पर कोई कार्रवाई की जाती है।

