अंबिकापुर। स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा विदाई समारोह (फेयरवेल) के दौरान सड़कों पर की जाने वाली स्टंटबाजी, अवैध काफिले और निजी वाहनों में इमरजेंसी सायरन के इस्तेमाल को लेकर आजाद सेवा संघ ने पुलिस प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। संघ के प्रदेश सचिव रचित मिश्रा ने सरगुजा जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री राजेश अग्रवाल से मुलाकात कर इस संबंध में ज्ञापन सौंपा और शहर की यातायात व सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।
ज्ञापन में बताया गया कि हर वर्ष शैक्षणिक सत्र के अंत में आयोजित विदाई समारोहों के दौरान कुछ छात्र दर्जनों गाड़ियों का काफिला निकालते हैं, तेज रफ्तार से वाहन चलाते हैं और सड़कों पर खतरनाक स्टंट करते हैं। इससे आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है और कई बार आपातकालीन सेवाएं भी बाधित होती हैं। निजी वाहनों में अवैध रूप से लगाए गए सायरन और हूटर से एंबुलेंस जैसे जरूरी वाहन जाम में फंस जाते हैं, जिससे गंभीर मरीजों की जान को खतरा उत्पन्न हो जाता है।
आजाद सेवा संघ ने मांग की कि इस वर्ष इस तरह की अराजकता को रोकने के लिए पहले से ही ठोस कदम उठाए जाएं। संघ ने मोटर यान अधिनियम के तहत दोषी नाबालिगों के साथ उनके अभिभावकों पर भी कार्रवाई करने, अवैध सायरन और हूटर लगे वाहनों को जब्त करने तथा जिम्मेदारों पर सख्ती बरतने की मांग रखी है।
इसके साथ ही ज्ञापन में गांधीनगर क्षेत्र की कानून-व्यवस्था का मुद्दा भी उठाया गया। संघ ने बताया कि क्षेत्र में देर रात नशाखोरी, हुड़दंग और असामाजिक गतिविधियों में बढ़ोतरी हो रही है, जिससे स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। ऐसे में रिहायशी इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ाने की जरूरत बताई गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री राजेश अग्रवाल ने ज्ञापन पर गंभीरता से विचार करने का आश्वासन देते हुए कहा कि शहर की यातायात व्यवस्था और सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

