अंबिकापुर। सरगुजा जिले में मौसम के अचानक बदले मिजाज ने दर्दनाक हादसे का रूप ले लिया। आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश के दौरान गिरी आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 5 साल के एक मासूम सहित तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, धौरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत डुमकी के खुटापारा में यह हादसा उस समय हुआ, जब दो बच्चे स्कूल मैदान में आम बीनने गए थे। वहीं, एक युवक पास में अपने बैल चरा रहा था। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी और चारों उसकी चपेट में आ गए।
हादसे में 5 वर्षीय मासूम समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से झुलस गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

