सूरजपुर – कुदरगढ़ देवी धाम से दर्शन कर लौटते वक्त रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा(Kudargarh road accident) हो गया। नवडीहा और खैरा के बीच जंगल में एक तेज रफ्तार कार और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में बाइक चला रहे पिता चंदन यादव (35 वर्ष) की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उनकी 8 वर्षीय बेटी रुकमणी गंभीर रूप से घायल हो गई है और सिंगरौली में इलाज चल रहा है।
घटना दोपहर करीब 2 बजे की है, जब चंदन यादव अपनी बेटी को स्कूल से लेकर घर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक ओडकी-बिहारपुर मुख्य मार्ग पर नवडीहा-खैरा के जंगल के पास पहुंची, सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने सीधी टक्कर मार दी।
हादसे के बाद कार सवार फरार
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिता की हालत गंभीर हो गई और इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि बच्ची (Kudargarh road accident)बुरी तरह घायल हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद की और दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिहारपुर पहुंचाया। बच्ची की नाजुक हालत को देखते हुए उसे बैढ़न, सिंगरौली (मध्यप्रदेश) रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार चालक संभवतः झपकी की हालत में था और सामने से आ रही बाइक पर सीधा वाहन चढ़ा दिया। कार में सवार सभी लोग बिहारपुर के निवासी बताए जा रहे हैं और हादसे के बाद मौके से फरार हो गए। उन्हें केवल मामूली चोटें आईं।
पुलिस जांच में जुटी
हादसे की सूचना मिलते ही मोहरसोप चौकी प्रभारी कमलेश पाठक अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कार और बाइक को जब्त कर लिया है। कार सवार सभी लोग फरार हैं। चंदन यादव की मौत की रिपोर्ट बैढ़न, सिंगरौली में दर्ज की गई है और वहां से डायरी आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
शव का पोस्टमॉर्टम कर ग्राम मोहरसोप भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

