सीतापुर/सरगुजा। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक अंबिकापुर की पेटला शाखा में किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) ऋण वितरण में सामने आए करीब 1.92 करोड़ रुपये के कथित घोटाले में सीतापुर पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। अदालत ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार थाना सीतापुर में अपराध क्रमांक 188/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318, 316(5), 61(2) एवं 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
जांच में सामने आया कि जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की पेटला शाखा में 127 किसानों के फर्जी हस्ताक्षर कर उनके खातों से 1 करोड़ 92 लाख 82 हजार 96 रुपये का अनियमित आहरण किया गया। कलेक्टर सरगुजा द्वारा गठित जांच दल ने अपनी रिपोर्ट में तत्कालीन शाखा प्रबंधक, सहायक लेखापाल, कैशियर, सामान्य सहायक, दैनिक वेतनभोगी कंप्यूटर ऑपरेटर सहित अन्य संबंधित अधिकारियों एवं समिति प्रबंधक को संयुक्त रूप से जिम्मेदार ठहराया। जांच रिपोर्ट के आधार पर कलेक्टर कार्यालय के निर्देश पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की।
विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दीपक कुमार चक्रधारी (29 वर्ष), पिता मनोहर राम, निवासी अखोराकला, थाना जयनगर, जिला सूरजपुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया। इसके बाद 19 जुलाई 2026 को दोपहर 2:30 बजे उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना अभी जारी है और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी।

