जशपुर। जिले में सोशल मीडिया पर हिंदू देवी-देवताओं और ऋषियों को लेकर कथित तौर पर आपत्तिजनक पोस्ट किए जाने का मामला सामने आया है। इस पोस्ट के बाद हिंदू समाज में आक्रोश का माहौल है। मामले को लेकर विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष करनैल सिंह ने कुनकुरी थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए संबंधित शिक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

मिली जानकारी के अनुसार, बगीचा विकासखंड के माध्यमिक शाला कुदमुरा में पदस्थ शिक्षक हेमंत बेदी पर सोशल मीडिया पर हिंदू देवी-देवताओं और ऋषियों के संबंध में आपत्तिजनक पोस्ट करने का आरोप लगाया गया है। पोस्ट सामने आने के बाद इस मामले ने तूल पकड़ लिया है।

विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष करनैल सिंह ने मामले की शिकायत पुलिस से की है और शिक्षक के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग उठाई है। वहीं, शिकायत मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। जांच के बाद ही पोस्ट की वास्तविकता और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

