सरगुजा जिले के सीतापुर थाना क्षेत्र में करीब एक करोड़ रुपये की सोने-चांदी की ज्वेलरी उठाईगिरी के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने छत्तीसगढ़ के साथ झारखंड और ओडिशा तक करीब 500 CCTV फुटेज खंगालते हुए संदिग्धों की पहचान की। मामले की जांच के दौरान ओडिशा के गंजाम जिले में एक संदिग्ध के घर से करीब 46 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं।
दरअसल, 26 जुलाई 2026 को सीतापुर के हाईस्कूल के पास संचालित कांशी विश्वनाथ ज्वेलर्स के संचालक अरुणदेव सोनी दुकान खोलने पहुंचे थे। उन्होंने अपनी स्कूटी पर ज्वेलरी से भरा बैग रखा था और दुकान का शटर खोल रहे थे। इसी दौरान अज्ञात आरोपी स्कूटी के सामने रखा ज्वेलरी का बैग लेकर फरार हो गए। बैग में रखे सोने-चांदी के आभूषणों की कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई गई थी। शिकायत के बाद सीतापुर थाने में अपराध क्रमांक 296/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी के नेतृत्व में साइबर सेल अंबिकापुर और थाना सीतापुर की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आरोपियों के संभावित रूट के CCTV फुटेज खंगालने शुरू किए।
जांच के दौरान सामने आया कि चार संदिग्ध दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर वारदात के बाद फरार हुए थे। पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों के रूट को सीतापुर से गेरसा, कांसाबेल, कुनकुरी और सिंगीबहार होते हुए झारखंड के कुरडेग, खैरनटोली, सिमडेगा तथा ओडिशा के सुंदरगढ़ सहित अन्य इलाकों तक ट्रेस किया। पुलिस टीम ने करीब 500 CCTV फुटेज का बारीकी से अवलोकन करने के साथ तकनीकी विश्लेषण किया और अलग-अलग राज्यों की पुलिस से समन्वय स्थापित कर संदिग्धों की पहचान की।

फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर दो संदिग्धों की पहचान चांटी दास निवासी ग्राम सोर्डा, जिला गंजाम, ओडिशा और नागेश्वर राव निवासी नारायणपुर, थाना कोटिनाडा, जिला गंजाम, ओडिशा के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस टीम को आरोपियों की तलाश में ओडिशा के गंजाम जिले भेजा गया।
सरगुजा पुलिस की संयुक्त टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से आरोपियों के संभावित ठिकानों पर करीब 10 दिनों तक सर्च ऑपरेशन चलाया। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि संदिग्ध चांटी दास 16 अगस्त की रात अपने घर आया था। सूचना के आधार पर सरगुजा पुलिस और स्थानीय पुलिस की टीम उसके घर पहुंची, लेकिन घर पर ताला लगा मिला और संदिग्ध मौके पर नहीं मिला।
पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में घर की विधिवत तलाशी ली। तलाशी के दौरान घर से सीतापुर की वारदात में चोरी किए गए करीब 300.92 ग्राम सोने के आभूषण बरामद हुए, जिनकी कीमत लगभग 43 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा करीब 1 किलो 168 ग्राम चांदी के आभूषण भी बरामद किए गए, जिनकी कीमत लगभग 3 लाख रुपये है। इस तरह पुलिस ने कुल करीब 46 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक मामले में चांटी दास और नागेश्वर राव समेत अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस वारदात में शामिल सभी आरोपियों तक पहुंचने और शेष चोरी की ज्वेलरी की बरामदगी के लिए जांच आगे बढ़ा रही है।

