सूरजपुर। जरही नगर पंचायत क्षेत्र में आयोजित सभा के दौरान प्रतापपुर विधानसभा की विधायक संकुन्तला पोर्ते ने एक विवादित बयान देते हुए निर्दलीय प्रत्याशियों और उनके समर्थकों को चेतावनी दी। उन्होंने सभा में स्पष्ट रूप से कहा कि जो भी निर्दलीय प्रत्याशी चुनाव में खड़े हुए हैं, वे समय रहते अपना नामांकन वापस ले लें और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लिए काम करना शुरू कर दें।
विधायक ने अपनी बात को मजबूती से रखते हुए कहा,
“मेरे पास कोई जुगाड़ नहीं बचेगा, क्योंकि मैं अपनी माँ को मानती हूं—मेरी जन्म देने वाली माँ, देवी माँ जिनकी मैं पूजा करती हूँ, और मेरी तीसरी माँ भारतीय जनता पार्टी। माँ के साथ गद्दारी करने वालों को मैं कभी माफ नहीं करूंगी।”
उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे केवल कमल के निशान को देखें और पार्टी को जिताने के लिए काम करें। साथ ही, उन्होंने कहा कि चुनाव में कोई भी गड़बड़ी या विरोध बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।
विधायक संकुन्तला पोर्ते का यह बयान राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया है। विपक्षी दलों और निर्दलीय प्रत्याशियों ने उनके इस बयान की आलोचना की है, इसे लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ बताया है। अब देखना होगा कि इस बयान पर प्रशासन या निर्वाचन आयोग की ओर से कोई प्रतिक्रिया आती है या नहीं।

