सरगुजा। आगामी नगरीय निकाय एवं त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए सरगुजा पुलिस ने सख्त कदम उठाया हैं। पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में जिले के 73 निगरानी व गुंडा बदमाशों की हाजिरी ली गई और उन्हें कड़ी चेतावनी दी हैं। इस दौरान 29 बदमाशों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई।
मतदान प्रक्रिया में बाधा डालने पर होगी सख्त कार्रवाई
सरगुजा जिले के सभी थाना/चौकी प्रभारियों को निर्देश दिया गया था कि वे अपने-अपने क्षेत्र में रहने वाले निगरानी व गुंडा बदमाशों को थाने में हाजिर कराएं और उन्हें चुनावी प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी न करने की सख्त चेतावनी दे।
इसके तहत सभी बदमाशों को निर्देश दिया गया कि वे मतदान के दौरान अपने घरों पर ही मौजूद रहें। पुलिस पेट्रोलिंग टीम समय-समय पर चेकिंग करेगी, और अगर कोई असामाजिक गतिविधियों में लिप्त पाया गया, तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सख्त पुलिसिंग से चुनावी शांति सुनिश्चित करने की तैयारी
सरगुजा पुलिस ने पूरे जिले में असामाजिक तत्वों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया है, जिससे मतदान प्रक्रिया निर्बाध रूप से संपन्न हो और आदर्श आचार संहिता का सख्ती से पालन हो सके।
पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि अगर उन्हें किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि चुनाव शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो सके।

