अम्बिकापुर। सरगुजा पुलिस द्वारा जिले में अवैध शराब बिक्री पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है। इसी कड़ी में थाना कोतवाली पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 06 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 16 नग रॉयल स्टैग की बोतलें और शराब परिवहन में प्रयुक्त कार भी बरामद की गई है।
घटना 11 फरवरी 2025 की है, जब थाना कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि गुदरी चौक, अंबिकापुर निवासी गगन उर्फ रसप्रीत सिंह (30 वर्ष) अवैध अंग्रेजी शराब बेचने के लिए अपनी कार में नया बस स्टैंड के पास ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को कार (क्रमांक CG 15 B 9035) में बैठे हुए पाया।
पुलिस ने जब उसकी तलाशी ली, तो कार की पीछे की सीट पर रखे एक बैग में 16 नग रॉयल स्टैग (375 एमएल प्रति बोतल) कुल 06 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई। जब आरोपी से शराब के वैध दस्तावेज मांगे गए, तो वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने शराब के साथ-साथ घटना में प्रयुक्त कार को भी जब्त कर लिया।
पुलिस ने आरोपी गगन उर्फ रसप्रीत सिंह के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा।
सरगुजा पुलिस जिले में अवैध नशे के कारोबार को खत्म करने के लिए लगातार अभियान चला रही है। पुलिस का कहना है कि अवैध शराब और नशीले पदार्थों की तस्करी में लिप्त लोगों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इस कार्रवाई में शामिल पुलिस अधिकारी
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक मनीष सिंह परिहार, प्रधान आरक्षक शत्रुधन सिंह, प्रधान आरक्षक छत्रपाल सिंह, आरक्षक लालबाबू सिंह और लालभुवन सिंह की अहम भूमिका रही।

