अंबिकापुर। रसूलपुर में हुए जानलेवा हमले के बाद इलाज के दौरान वसीरुद्दीन सिद्दीकी की मौत के मामले में पुलिस ने चौथे आरोपी को झारखंड के पलामू से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अवकाश साव उर्फ आकाश गुप्ता उम्र 25 वर्ष, निवासी खुटार खुर्द, थाना चैनपुर, जिला पलामू, झारखंड के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक देशी पिस्टल, एक नया चाकू, छह जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, 16 सितंबर 2026 की सुबह करीब 10:15 बजे रसूलपुर स्थित सादिया शारीन सिद्दीकी के घर तीन अज्ञात व्यक्ति किराए का मकान देखने के बहाने पहुंचे थे। तीनों वसीरुद्दीन सिद्दीकी से मकान को लेकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान आरोपियों ने मिलकर जान से मारने की नीयत से उन पर चाकू से गंभीर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल वसीरुद्दीन को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मामले की जांच में सामने आया कि सादिया शारीन सिद्दीकी का अपने पति मो. नाजिम शबा के साथ तलाक का मामला कोर्ट में चल रहा था। शिकायत के अनुसार, पूर्व में पति द्वारा केस वापस नहीं लेने पर सादिया और उसके मायके के परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई थी। शिकायत के आधार पर कोतवाली थाना अंबिकापुर में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटना के बाद पुलिस ने मामले में शामिल तीन आरोपियों नाजिम शबा, कंचन कुमार और नेजारूउद्दीन उर्फ गुड्डू को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया था। वहीं अन्य आरोपियों की तलाश लगातार की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम को अवकाश साव उर्फ आकाश गुप्ता के पलामू में मौजूद होने की जानकारी मिली, जिसके बाद टीम ने उसे चैनपुर से हिरासत में लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अन्य आरोपियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त देशी पिस्टल, नया चाकू, छह जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किया गया। आरोपी ने घटना के दौरान पहने कपड़ों को रास्ते में फेंकने की बात बताई है, हालांकि कपड़े कहां फेंके गए, इसकी जानकारी उसके द्वारा नहीं दी गई।

