सरगुजा, छत्तीसगढ़। अंबिकापुर-लखनपुर मुख्य मार्ग पर स्थित सीता फ्यूल पेट्रोल पंप में फायर सेफ्टी नियमों की गंभीर अनदेखी सामने आई है। पेट्रोल और डीजल जैसे अत्यंत ज्वलनशील पदार्थों का कारोबार करने वाले इस पेट्रोल पंप में सुरक्षा व्यवस्था केवल दिखावे तक सीमित नजर आ रही है।

जानकारी के मुताबिक किसी भी पेट्रोल पंप में आग से बचाव के लिए फायर सेफ्टी उपकरणों का दुरुस्त और अपडेट होना बेहद जरूरी होता है, ताकि आपातकालीन स्थिति में तत्काल आग पर काबू पाया जा सके। लेकिन सीता फ्यूल में रखे गए अग्निशमन यंत्रों की स्थिति खुद सवाल खड़े कर रही है।
मौके पर मौजूद फायर एक्सटिंग्विशर में न तो एक्सपायरी डेट अंकित है और न ही रिफिलिंग की तारीख। ऐसे में यह आशंका जताई जा रही है कि सुरक्षा उपकरण केवल औपचारिकता निभाने के लिए रखे गए हैं। यदि किसी दिन पेट्रोल पंप में आगजनी जैसी घटना हो जाए तो ये उपकरण काम करेंगे या नहीं, इसको लेकर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है।

मुख्य मार्ग होने की वजह से रोजाना सैकड़ों वाहन इस पेट्रोल पंप में पहुंचते हैं। ऐसे में थोड़ी सी लापरवाही भी बड़े हादसे में बदल सकती है। बावजूद इसके जिम्मेदारों द्वारा सुरक्षा मानकों को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर संबंधित विभाग द्वारा समय-समय पर निरीक्षण किया जाता है या नहीं? अगर जांच होती है तो फिर बिना वैध फायर सेफ्टी व्यवस्था के पेट्रोल पंप संचालन की अनुमति कैसे दी जा रही है?

अब देखना होगा कि खबर सामने आने के बाद प्रशासन और फायर विभाग इस मामले में क्या कार्रवाई करता है, या फिर सुरक्षा मानकों की अनदेखी इसी तरह जारी रहेगी।

