जशपुर, छत्तीसगढ़: शहर में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने का जिम्मा जिन पेट्रोलिंग वाहनों पर होता है, वही अब जशपुर में सवालों के घेरे में आ गए हैं। दुलदुला थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक पेट्रोलिंग वाहन की लापरवाही ने एक युवक की ज़िंदगी हमेशा के लिए बदल दी।
जानकारी के मुताबिक, रात करीब 12 बजे पेट्रोलिंग वाहन ने स्कूटी सवार युवक को तेज रफ्तार में जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के दौरान युवक का एक पैर कटकर मौके पर ही अलग हो गया। घटना के बाद आसपास के लोग चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुँचे और घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि हादसे के समय पेट्रोलिंग वाहन का चालक नशे में धुत था, जिसकी वजह से उसने वाहन से नियंत्रण खो दिया और यह दर्दनाक दुर्घटना हो गई। ग्रामीणों ने बताया कि कई बार पहले भी उन्होंने पेट्रोलिंग टीम के कुछ सदस्यों को नशे में वाहन चलाते देखा है, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।

अब सवाल उठता है कि जब सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाने वाले ही खतरा बन जाएँ, तो आम जनता खुद को कैसे सुरक्षित महसूस करे?
रात में गश्त करने वाले पुलिसकर्मियों द्वारा शराब के नशे में वाहन चलाने जैसी घटनाएँ विभाग की कार्यप्रणाली और अनुशासन पर बड़े सवाल खड़े करती हैं।
फिलहाल घटना की जांच की बात कही जा रही है, लेकिन स्थानीयों का कहना है कि मामले में सख्त कार्रवाई न हुई तो ऐसी घटनाएँ बार-बार होती रहेंगी।

