सरगुजा, छत्तीसगढ़ : गांधीनगर पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित नशीली इंजेक्शन बेचने वाले दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में एक होम गार्ड पति और उसकी पत्नी शामिल हैं।
पुलिस ने होटल बंधन इन के पास से छापेमारी कर यह कार्रवाई की। मौके से प्रतिबंधित नशीली इंजेक्शनों की बड़ी खेप बरामद की गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी दंपत्ति पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के तहत जेल जा चुके हैं।
गांधीनगर थाना क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई से क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों में हड़कंप मच गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।

