अंबिकापुर, छत्तीसगढ़। केंद्रीय जेल अंबिकापुर से एक बड़ी चूक सामने आई है। विचाराधीन महिला बंदनी आरती सोनी मेडिकल कॉलेज अस्पताल के महिला जेल वार्ड से सुरक्षा प्रहरियों को चकमा देकर फरार हो गई। यह घटना 30 मई की देर रात की है, जिसके बाद जेल प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरती सोनी को केंद्रीय जेल अंबिकापुर में 12 अप्रैल 2025 को धारा 21C एनडीपीएस एक्ट के तहत बंद किया गया था। बीते 30 मई को तबीयत खराब होने के चलते उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान वह महिला वार्ड में भर्ती थी, जहां पर जेल की सुरक्षा टीम तैनात थी। लेकिन देर रात उसने जेल प्रहरियों को चकमा देकर फरार होने में सफलता पा ली।
फरारी की जानकारी मिलते ही पुलिस और जेल प्रशासन ने इलाके में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। मामले की शिकायत मणिपुर थाने में दर्ज कराई गई है और आरती सोनी की तलाश जारी है।

