सरगुजा/लुंड्रा। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जोरी में बुधवार को निःशुल्क सरस्वती साइकिल योजना के तहत कक्षा 9वीं में अध्ययनरत छात्राओं को साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष निरुपा सिंह शामिल हुईं। उन्होंने छात्राओं को साइकिल की चाबी सौंपकर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष निरुपा सिंह ने कहा कि सरस्वती साइकिल योजना बालिकाओं को शिक्षा से जोड़ने और विद्यालय तक उनकी पहुंच आसान बनाने की दिशा में राज्य सरकार की महत्वपूर्ण पहल है। साइकिल मिलने से छात्राओं को स्कूल आने-जाने में सुविधा होगी और पढ़ाई बीच में छोड़ने की प्रवृत्ति पर भी अंकुश लगेगा। उन्होंने छात्राओं से मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने परिवार, क्षेत्र तथा प्रदेश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
विद्यालय का किया निरीक्षण
साइकिल वितरण कार्यक्रम के बाद जिला पंचायत अध्यक्ष निरुपा सिंह ने विद्यालय की विभिन्न कक्षाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान कक्षाओं में नियमित रूप से अध्यापन कार्य संचालित पाया गया। विद्यालय परिसर में साफ-सफाई और स्वच्छ वातावरण को देखकर उन्होंने विद्यालय प्रबंधन एवं स्टाफ के कार्यों की सराहना की। साथ ही शिक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाए रखने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन दिया।
कार्यक्रम में मौजूद रहे
कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष संजय गुप्ता, भाजपा वरिष्ठ पदाधिकारी हीरा सिंह, जोरी उप सरपंच धर्मेंद्र गुप्ता, विद्यालय के प्राचार्य पन्नालाल पटेल, व्याख्याता ब्रजेश कुमार शर्मा सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं अन्य स्टाफ मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य पन्नालाल पटेल एवं विद्यालय स्टाफ ने उपस्थित अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जोरी में कक्षा 9वीं की छात्राओं को साइकिल की चाबी प्रदान करतीं जिला पंचायत अध्यक्ष निरुपा सिंह। साथ में भाजपा मंडल अध्यक्ष संजय गुप्ता, भाजपा वरिष्ठ पदाधिकारी हीरा सिंह, उप सरपंच धर्मेंद्र गुप्ता एवं प्राचार्य पन्नालाल पटेल सहित विद्यालय स्टाफ।

